<center><b>पुस्तक परिचय</b></center> नई कविता के इस जमाने में हम बरसों से आशा लगाये बैठे हैं कि कहीं से नई कविता आयेगी। पुरानी पीढ़ी, बिचली पीढ़ी, नई पीढ़ी और एकदम आज की पीढ़ी सभी ने, चली आ रही कविता से भिन्न कविता लिखने की कोशिश की और हमें कभी इस ओर से तो कभी उस ओर से भरोसा बँधता-सा दिखा। किन्तु कहना पड़ेगा 'मेह न बरसा और घटा छाई बहुत !! अनुभव हम सबको होते रहते हैं और ज्यादातर तो ऐसा होता है कि वे हमें दबाते रहते हैं, घेरते रहते हैं और अकेला कर देते हैं। यों यह अकेला हो जाना सारे अनुभवों का राजा है। मगर जो इस अनुभव को अपने अकेलेपन में समझ नहीं पाता, और समझकर रंगों, रेखाओं, शब्दों, स्वरों या किसी और ढंग से उसे ठीक-ठीक खिला नहीं पाता वह अकेला ही रह जाता है- इतना ही नहीं, किसी के अकेलेपन को चाह पाने पर भी बंटा नहीं पाता। अकेला पड़ जाना एक उत्सन्न है। किन्तु उस अकेले पड़ जाने से भीतर-बाहर सब जगह गूंगा हो जाना या समुदायों के अनुकरण में जुट जाना मृत्यु है। जो अपने-पन को जितना ठीक रूप दे पाता है, रूप देकर बाहर रख देता है, जिन्दगी के अनन्त अभिव्यक्ति-प्रकारों में से एक या एकाधिक किसी या किन्हीं माध्यमों के द्वारा उसे सामने परोस पाता है, वह अकेलापन नहीं परोसता उत्सव परोसता है। कवि भवानीप्रसाद ने सदा यही उत्सव परोसा है।' गीत-फ़रोश' में वे उतने अकेले नहीं थे जितने 'चकित है दुःख' में दिखलाई दिये। फिर 'अँधेरी कविताएँ' आई, उनका निविड़ अकेलापन लेकर। ' बुनी हुई रस्सी' में उनका यह अनुभव पूरी तस्वीर बनकर उभरा है। 'गीत-फ़रोश' और 'चकित है दुःख' के प्रकाशन में दस वर्षों का अन्तराल है और कह सकते हैं कि 'गीत-फ़रोश' की कविताओं से ' चकित है दुःख' की कविताएँ दस वर्ष आगे तो हैं ही। दूसरे और तीसरे और फिर इस संग्रह 'बुनी हुई रस्सी' में एक-एक वर्ष का अन्तराल है, लेकिन लगता है इन दो वर्षों ने कवि को कहीं से कहीं ले जाकर खड़ा कर दिया है और इसका कारण सर्वसामान्य समय की सर्वसामान्य गति न होकर कवि के अल्प और अबाध किसी अनुभव की असामान्य गति है। पाठक देखेंगे कि इन कविताओं का रंग धूमिल है और उनकी आँखों का रंग इस यज्ञ-धूम में निरन्तर खुले रहने के कारण लाल हो गया है।<p>
<center><b>लेखक परिचय</b></center> बीसवीं सदी की हिन्दी कविता में अपने अलग काव्य-मुहावरे और भाषा-दृष्टि के साथ-साथ स्वदेशी चेतना की तेजस्विता और कविता की प्रतिरोधक आवाज की पहचान बने भवानी प्रसाद मिश्र का जन्म 29 मार्च, 1913 को जिला होशंगाबाद के एक गाँव टिगरिया में हुआ। 1930 में उन्होंने लिखा, "जिस तरह हम बोलते हैं उस तरह तू लिख।" वे 'दूसरा सप्तक' (1951) के पहले कवि हैं। 'कल्पना' पत्रिका (हैदराबाद) में सम्पादकीय साथी रहे। फिल्मों और आकाशवाणी में काम किया। 'सम्पूर्ण गांधी वाङ्मय' के हिन्दी खंड के सम्पादक रहे। 'गांधी मार्ग' पत्रिका का सम्पादन किया। उनकी प्रमुख कृतियाँ हैं- 'गीत-फ़रोश', 'चकित है दुख', 'अँधेरी कविताएँ', 'बुनी हुई रस्सी', 'खुशबू के शिलालेख', 'कालजयी' (खंड-काव्य), 'गांधी की पंचशती', 'मान सरोवर दिन', 'शरीर कविता', 'फसलें और फूल', 'त्रिकाल-संध्या', 'इदं न मम्', 'परिवर्तन जिए', 'अनाम', 'तुम आते हो' (कविता संग्रह); 'भवानी प्रसाद मिश्र रचनावली' (संकलन); 'जिन्होंने मुझे रचा', 'कुछ नीति कुछ राजनीति' (गद्य)। उन्हें 'साहित्य अकादेमी पुरस्कार', उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान के 'साहित्यकार सम्मान' और मध्य प्रदेश शासन के 'शिखर सम्मान' से सम्मानित किया गया। 20 फरवरी, 1985 को गृहनगर (नरसिंहपुर) में उनका निधन हुआ।<p>
<center><b>अपनी ओर से</b></center> कविता लिखना ठीक है मगर अपने लिखने के बारे में कवि का ख़ुद कुछ लिखना ठीक है या नहीं मैं इस विषय में कभी असन्दिग्ध नहीं हो पाया; इसीलिए पत्र-पत्रिकाओं द्वारा सवक्तव्य कविताएँ माँगने पर वक्तव्य देते हुए और अपने कविता-संग्रहों में भूमिका देने का अवसर उपस्थित हो जाने पर मुझे झिझक होती रही है। अपने पहले कविता-संग्रह 'गीतफ़रोश' में मैंने इस असमंजस को भूमिका के रूप में कविता देकर निभा लिया-फिर कोई दस बरस तक कविताएँ लिखता रहा और एक हद तक ऐसा प्रसंग बचाने के ख़याल से भी संग्रह देते हुए कतराता रहा। दूसरा संग्रह 'चकित है दुख' बिना किसी भी प्रकार की भूमिका के जाने दिया और उसके लगभग तत्काल बाद जब 'अँधेरी कविताएँ' छपवाने की परिस्थिति सामने आई तो एक भूमिका लिखी। मगर उसे मन में उलटाता-पुलटाता रहा और तय किया कि देनी नहीं है। चौथा संग्रह 'गांधी पंचशती' बहुत ही विषय-प्रधान था इसलिए उसकी भूमिका में भी एक लम्बी कविता लगा दी और अनुभव किया कि यहाँ तक तो काम चल गया किन्तु अब तुम्हें अगले संग्रह में अपनी कविता और सामान्य रूप से कविता के बारे में भी कुछ कहना ही पड़ेगा। मैंने देखा कि मेरे संग्रहों की जहाँ-तहाँ जो आलोचनाएँ निकलीं, उनमें ज्यादातर बात मेरी कविता-शैली की ही की गई। शैली कविता की एक प्रधान बात तो होती है; मगर आखिरकार वह किसी भीतरी चीज़ का बाहरी रूप है; सर्वाधिक प्रधान बात तो वह नहीं ही है। इसलिए मैंने अपना यह संग्रह प्रस्तुत करते समय बहुत संक्षेप में थोड़ा कह देना ज़रूरी मान लिया है।<p>
Hindu (हिंदू धर्म) (14145)
Tantra (तन्त्र) (1052)
Vedas (वेद) (733)
Ayurveda (आयुर्वेद) (2145)
Chaukhamba | चौखंबा (3462)
Jyotish (ज्योतिष) (1638)
Yoga (योग) (1213)
Ramayana (रामायण) (1314)
Gita Press (गीता प्रेस) (713)
Sahitya (साहित्य) (25585)
History (इतिहास) (9455)
Philosophy (दर्शन) (3740)
Santvani (सन्त वाणी) (2620)
Vedanta (वेदांत) (120)
Send as free online greeting card
Email a Friend
Visual Search
Manage Wishlist