'मैला आँचल' का प्रकाशन हिन्दी सहित्य के इतिहास में एक घटना का महत्त्व रखता है। यह फणीश्वरनाथ रेणु का पहला ही उपन्यास था परन्तु इसने हिन्दी उपन्यासों की परम्परा में एक अमिट छाप छोड़ी। 1954 में प्रकाशित यह उपन्यास हिन्दी में एक नई कथा शैली और एक नई सृजनात्मक जमीन के लिए भी जाना जाता है। इसी उपन्यास से हिन्दी में आंचलिक उपन्यासों की शुरुआत भी मानी जाती है। आज तक आलोचकों और पाठकों के बीच आंचलिकता की व्याप्ति और संकुचन को लेकर बहसें जारी हैं। ग्रामीण पृष्ठभूमि पर लिखे गए इस उपन्यास ने प्रेमचन्द के बाद लगभग सूखती जा रही यथार्थवादी धारा को अपने विशिष्ट और अनूठे कहन से नया जीवन दिया और इतने बरस बाद भी शायद ही किसी को इस बात से गुरेज हो कि यह हिन्दी में 'गोदान' के बाद दूसरा सर्वश्रेष्ठ उपन्यास है। उपन्यास का कथानक बिहार के एक पिछड़े जिले 'पूर्णिया' के एक हिस्से मेरीगंज में घटित होता है जो अपनी व्याप्ति में भारत के समूचे गाँव का प्रतिनिधि चरित्र बन जाता है। इस अर्थ में यह सिर्फ मेरीगंज गाँव की कथा नहीं रह जाती। इस सन्दर्भ में निर्मल वर्मा सही ही कहते हैं कि, "रेणु का महत्त्व उनकी आंचलिकता में नहीं आंचलिकता के अतिक्रमण में निहित है। बिहार के एक छोटे भूखंड की हथेली पर उन्होंने समूचे उत्तरी भारत के किसान की नियति रेखा को उजागर किया था, यह रेखा किसान की किस्मत और इतिहास के हस्तक्षेप के बीच में गुँथी हुई थी।" लगभग 400 पृष्ठों का यह उपन्यास दो खंडों में मात्र डेढ़-दो साल की कहानी कहता है। आजादी से ठीक पहले का पहला खंड आजाद होने को आतुर भारत की एक बेचैन मगर दुविधाग्रस्त छवि को प्रस्तुत करता है तो दूसरा खंड आजादी के तुरन्त बाद अपने क्षणिक उल्लास और गांधी जी की हत्या के अपराध बोध से ग्रस्त एक हताश भारत की छवि प्रस्तुत करता है। रेणु ने अपने एक साक्षात्कार में कहा था कि वे इस उपन्यास में एक जगह उपस्थित हैं जहाँ आजादी के जुलूस में एक व्यक्ति नारा लगाता है- 'यह आजादी झूठी है, देश की जनता भूखी है।' वस्तुतः आजाद होते भारत में नैतिकता और मूल्य का निरन्तर क्षरण ही इस उपन्यास का मूल कथ्य है जिसे रेणु 'अपनी निष्ठा में कोई कमी नहीं पाता' कहकर व्याख्यायित करते हैं। इस क्षरण को रेणु अनेक पात्रों के माध्यम से अभिव्यक्त करते हैं और ये सारे पात्र कथाकार के अपने अद्वितीय हुनर के कारण हिन्दी साहित्य के अविस्मरणीय चरित्र बन गए। 'मैला आँचल' का शायद ही कोई चरित्र हो जो पाठकों के जेहन में देर तक नहीं टिकता हो। यहाँ नायक, प्रतिनायक का सवाल खत्म हो जाता है और सारे चरित्र अपने अस्तित्व में और अपनी नियति में एक विराट हताशा की सृष्टि करते हैं। यह हताशा आजाद भारत की हताशा है जहाँ एक सेवाभावी डॉक्टर प्रशान्त नक्सल समर्थक होने के आरोप में जेल में डाल दिया जाता है, तस्करों द्वारा अभय गांधीवादी कार्यकर्ता बावनदास की हत्या हो जाती है, समाजवादी सपनों को जीने की कोशिश करता हुआ कार्यकर्ता कालीचरण डकैत समझा जाता है और आजादी के जश्न और संथालों की हत्या से उत्पन्न मुकदमे में विजय के जश्न में कोई खास अन्तर नहीं रह जाता। यद्यपि उपन्यास का अन्त रेणु ने सुखान्त रखने का प्रयास किया जिसके कारण उन्हें अपने समय में यथार्थवादियों की तीखी आलोचना भी झेलनी पड़ी थी। परन्तु यह अन्त कोई क्षणिक सुखान्त का आस्वाद भर नहीं है। यहाँ रेणु अपनी चिन्ता में जैसे साहित्य की दृष्टि से नई सभ्यता के उन्मेष की आशा के पैरोकार के रूप में दिखाई देते हैं। 'यह सभ्यता मनुष्य को, उसके प्रेम को, उसको सहयोग और सहकार को केन्द्र में रखकर रची जाएगी। यह अँधेरा नहीं रहेगा। मानवता के पुजारियों की सम्मिलित वाणी गूँजती है- पवित्र वाणी। उन्हें प्रकाश मिल गया है। तेजोमय।
राकेश मिश्र मूलतः शान्ति अध्ययन और इतिहास के विद्यार्थी रहे हैं। अब तक उनके चार कहानी-संग्रह प्रकाशित हैं। उन्हें 'रवीन्द्र कालिया कथा सम्मान', 'कृष्ण प्रताप कथा सम्मान' तथा 'प्रमोद मजूमदार कथा सम्मान' से सम्मानित किया गया है। कई कहानियों का अंग्रेजी तथा अन्य भारतीय भाषा में अनुवाद हुआ है। कुछ कहानियों के मंचन भी हुए हैं। सम्प्रति महात्मा गांधी अन्तरराष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय के कुलानुशासक तथा गांधी एवं शान्ति अध्ययन विभाग के अध्यक्ष हैं। पल्लव का जन्म राजस्थान के स्वतंत्रता सेनानी परिवार में हुआ। मूलतः कथा-आलोचना में सक्रिय पल्लव कथा-साहित्य के साथ-साथ कथेतर विधाओं की आलोचना में नवाचार के लिए जाने जाते हैं। 'कहानी का लोकतंत्र' और 'लेखकों का संसार' उनकी मौलिक पुस्तकें हैं। उन्होंने कई पुस्तक श्रृंखलाओं का सम्पादन किया है और साहित्य अकादेमी के लिए मोनोग्राफ लेखन भी किया है। हिन्दी की लघु पत्रिका 'बनास जन' के सम्पादक पल्लव दिल्ली विश्वविद्यालय के हिन्दू कॉलेज में हिन्दी के आचार्य हैं।
Hindu (हिंदू धर्म) (14145)
Tantra (तन्त्र) (1052)
Vedas (वेद) (733)
Ayurveda (आयुर्वेद) (2145)
Chaukhamba | चौखंबा (3462)
Jyotish (ज्योतिष) (1638)
Yoga (योग) (1213)
Ramayana (रामायण) (1314)
Gita Press (गीता प्रेस) (713)
Sahitya (साहित्य) (25603)
History (इतिहास) (9463)
Philosophy (दर्शन) (3740)
Santvani (सन्त वाणी) (2620)
Vedanta (वेदांत) (120)
Send as free online greeting card
Email a Friend
Visual Search
Manage Wishlist